सिद्धार्थनगर : पड़ोसी नेपाल में Gen-Z आंदोलन, अराजकता से उत्पन्न हुए हालात के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर, एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने बढ़नी बॉर्डर पर सुरक्षा एवं निगरानी निकायों के साथ विशेष बैठक की। बैठक में एसएसबी, कई थानाध्यक्ष, आसूचना से संबंधित अधिकारी शामिल रहे।
नेपाल के विभिन्न हिस्सों में पिछले दिनों हुए Gen-Z आंदोलन एवं अराजक स्थिति को देखते हुए भारतीय प्रशासन हर बिंदु पर चौकस निगाह रख कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने बढ़नी बॉर्डर पर पूरे अमले के साथ बैठक की। बैठक में नेपाल में हुए आंदोलन, हिंसा-आगजनी, लूट, जेल ब्रेक आदि बिंदुओं को संज्ञान लेते हुए चर्चा की गई। उक्त अराजक हालात तथा बड़ी संख्या में खूंखार कैदियों के जेल से फरार होने के मद्देनजर सीमा पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई तथा बॉर्डर के मुख्य नाकों के अलावा पगडंडी मार्गों पर 24 घंटे हाई अलर्ट रह निगाह रखने के निर्देश मातहतों को दिए गए। सीमा क्षेत्र के संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने और इंडो-नेपाल के सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय को और सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
बैठक में ये रहे शामिल
सीमा सुरक्षा संबंधी विशेष बैठक में एसएसबी 50वीं वाहिनी बलरामपुर के डिप्टी कमाण्डेंट मुकेश कुमार गुर्जर, एसडीएम शोहरतगढ़ विवेकानंद मिश्र, सीओ शोहरतगढ़ पवीन प्रकाश, एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट संजय केपी, एसओ ढेबरुआ नारायण लाल श्रीवास्तव, चौकी इंचार्ज बढ़नी अनिरुद्ध सिंह, चौकी प्रभारी कोटिया सुरेश यादव समेत आसूचना शाखा के तमाम लोग शामिल रहे।




