• सीएम ने कहा 25 करोड़ की आबादी को परिवार मानकर बढ़ाया विकास अभियान
• 1051.87 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन
• आयोजन में शामिल होने के लिए नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय का व्यक्त किया आभार
‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ‘सिद्धार्थनगर महोत्सव’ का शुभारंभ करते हुए कहा कि सिद्धार्थनगर आज विरासत, करुणा और विकास की त्रिवेणी के रूप में उभर रहा है। यह जनपद भगवान बुद्ध की करुणा, अहिंसा और मानवता के संदेश की पावन धरा है। यहां आयोजित महोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि जिले की सांस्कृतिक पहचान, ऐतिहासिक चेतना और विकास यात्रा का सशक्त प्रतीक है। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए जनपदवासियों को हार्दिक बधाई दी।
सीएम योगी आदित्यनाथ को भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट करते सांसद जगदंबिका पाल
दीप प्रज्ज्वलित कर सिद्धार्थनगर महोत्सव का शुभारंभ करते सीएम
कार्यक्रम के दौरान फीता काटते सीएम, सांसद व प्रभारी मंत्री
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से लगभग ढाई हजार वर्ष पूर्व यह जनपद राजकुमार सिद्धार्थ की कर्मभूमि रहा है, जिनकी राजधानी कपिलवस्तु थी। सत्य और ज्ञान की खोज में उन्होंने राजपाट त्याग कर दीर्घ तपस्या की और सारनाथ में विश्व को पहला उपदेश दिया। ‘बुद्धं शरणं गच्छामि, धम्मं शरणं गच्छामि’ का संदेश आज भी मानवता को सही दिशा दिखाता है। उन्होंने कहा कि बुद्धि और विवेक के साथ शक्ति का प्रयोग ही रचनात्मक और समरस समाज की स्थापना करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्रतिबद्धता और जनप्रतिनिधियों के सतत प्रयासों से सिद्धार्थनगर को 1051.87 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। इन परियोजनाओं में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नगर निकाय, जल निगम, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाएं और आधारभूत संरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कभी बीमारू और पिछड़े जिलों में गिने जाने वाले सिद्धार्थनगर में आज इंसेफेलाइटिस जैसी घातक बीमारी पूरी तरह समाप्त हो चुकी है और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि कपिलवस्तु क्षेत्र में विपश्यना केंद्र का निर्माण किया जा रहा है, जिससे बौद्ध पर्यटन को नई गति मिलेगी और सिद्धार्थनगर वैश्विक मानचित्र पर और मजबूत पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर-शामली कॉरिडोर, बेहतर सड़क कनेक्टिविटी और सतत विकास की योजनाएं जिले के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही रामराज्य की सच्ची अवधारणा है। आयुष्मान भारत योजना, मनरेगा के तहत रोजगार, महिला उद्यमिता, कालानमक चावल, मत्स्य संपदा योजना और फूड प्रोसेसिंग जैसी योजनाएं आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिद्धार्थनगर की यात्रा अब उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ चुकी है और यह विकास, विरासत और करुणा की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।
महोत्सव के पहले स्थानीय स्तर पर होनी चाहिए प्रतिस्पर्धा
सीएम योगी ने कहा कि महोत्सव से पहले स्थानीय स्तर (ग्राम पंचायत, न्याय पंचायत, वार्ड, क्षेत्र पंचायत, तहसील, विधानसभा स्तर) पर भी प्रतिस्पर्धा हो। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों की प्रस्तुतियों को मुख्य महोत्सव में मंच दें और पुरस्कृत करें। कलाकार, प्रगतिशील किसान, खिलाड़ी, इनोवेशन करने वाला नौजवान, श्रमिक, महिला उद्यमी समेत नवाचार करने वालों को इस कार्यक्रम से जोड़ें।
माता प्रसाद पांडेय, नेता प्रतिपक्ष
जिले में उद्योग लगाने का हो प्रयास
नेता प्रतिपक्ष व इटवा विधायक माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि हमारा जिला बहुत पिछड़ा है। यहां रोजगार के अवसर नहीं हैं। इंडस्ट्री में ये जिला शून्य है। सीएम योगी से हमारा आग्रह है कि यहां उद्योग लगाने का प्रयास करें। ताकि यहां का युवा इधर उधर न भटके। इसे अपने जिले में रोजगार मिल सके।
जगदंबिका पाल, सांसद
डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि 2017 से पहले जिले की पहचान बाढ़, इंसेफेलाइटिस, जापानी बुखार से थी, लेकिन आज इसकी पहचान नेशनल हाईवे, काला नमक चावल से हो रही है। जिले का काला नमक चावल पूरे देश में सबसे ज्यादा सिद्धार्थनगर में होता है। संस्कृति, कनेक्टिविटी और कंस्ट्रक्शन की त्रिवेणी से पूरे प्रदेश में विकास हो रहा है। प्रदेश में आज माफिया भयभीत हैं। पहले वे लोगों को डराते थे, अब वो खुद डर रहे हैं। मैं सीएम से कहूंगा कि अगर एक चीनी मिल जिले को मिल जाए तो किसानों का भला होगा। उन्होंने इस पर विचार करने की मांग की।
बच्ची को अन्नप्राशन संस्कार कराते सीएम योगी आदित्यनाथ
ओडीओपी के तहत लगे काला नमक चावल की प्रदर्शनी का अवलोकन करते सीएम
सीएम ने प्रदर्शनी का किया अवलोकन, बच्चों का कराया अन्नप्राशन संस्कार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत काला नमक चावल पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराकर उन्हें अन्न ग्रहण कराया।
आपस में चर्चा करते सीएम योगी व नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय
सीएम योगी ने नेता प्रतिपक्ष की तारीफ की
सीएम योगी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय मंच पर एक साथ बैठे नजर आए। सिद्धार्थनगर में सीएम के बगल में उनकी कुर्सी लगी थी। सीएम ने मंच से माता प्रसाद पांडेय की तारीफ करते हुए कहा कि आज उन्होंने साहस दिखाया कि इस महोत्सव में वे खुद आए और डुमरियागंज की सपा विधायक सैयदा खातून को भी साथ लाए। सीएम ने कहा कि यह अच्छा प्रयास है। कोई ऐसा मंच होना चाहिए, जहां हम एक साथ विकास की बात कर सकें। यहां के जो विधायक मेरे पास प्रस्ताव लेकर आते हैं, मैं बिना भेदभाव और बिना काट-छांट के विकास परियोजनाओं के लिए पैसा देता हूं।
शिलान्यास व लोकार्पण के शिलापट्ट
परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करते सीएम योगी आदित्यनाथ
सीएम ने 1051.87 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उद्घाटन किए जाने के बाद सिद्धार्थनगर महोत्सव का आगाज हो गया है। यह महोत्सव 1 फरवरी तक चलेगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जिले में 1051.87 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। सीएम ने 678.76 करोड़ रुपये परियोजनाओं का शिलान्यास, जबकि 373.11 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग की 437.26 करोड़, जल निगम की 206.97 करोड़, सेतु निगम की 129.02 करोड़, सरयू नहर खंड की 115.93 करोड़ रुपये समेत पर्यटन विभाग, आवास विकास, जिला पंचायत, सिडको, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, नगर पालिका सिद्धार्थनगर व बांसी और नगर पंचायत डुमरियागंज एवं अन्य विभागों की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
बड़ी संख्या में मौजूद दर्शक
बड़ी संख्या में मौजूद दर्शक
इस दौरान ये रहे मौजूद
इस दौरान प्रभारी मंत्री अनिल राजभर, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, कपिलवस्तु के विधायक श्यामधनी राही, डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, इटवा के पूर्व विधायक सतीश चंद्र द्विवेदी, गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ल, एमएलसी ध्रुव त्रिपाठी, डुमरियागंज की विधायिका सैयदा खातून, भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, भाजपा के पूर्व प्रत्याशी हरिशंकर सिंह, नगर पालिका सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविंद माधव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साधना चौधरी, गन्ना विकास समिति के चेयरमैन संजय सिंह, नगर पंचायत बढ़नी के चेयरमैन सुनील अग्रहरि, इटवा के चेयरमैन विकास जायसवाल, कुंवर विक्रम सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष रामकुमार कुंवर, नरेंद्र मणि त्रिपाठी, लालजी त्रिपाठी, रवि अग्रवाल, शिवनाथ चौधरी, एसपी अग्रवाल, राजकुमार सिंह उर्फ राजू शाही, सिद्धार्थ पाठक, मंडलायुक्त बस्ती अखिलेश सिंह, डीआईजी बस्ती संजीव त्यागी, डीएम शिवशरणप्पा जीएन, एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन, एडीएम गौरव श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।




