‘Guru Jee Death Anniversary : ‘गुरुजी’ ने लोकतंत्र की रक्षा में बड़ी भूमिका निभाई : जगदंबिका पाल

SHARE:

जननायक, समाजवादी नेता सुरेंद्र सिंह ‘गुरुजी’ की पाँचवीं पुण्यतिथि पर लोगों ने दी श्रद्धांजलि

सिद्धार्थनगर : समाजवादी आंदोलन के अग्रदूत, शिक्षाविद् और लोकतंत्र सेनानी स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह ‘गुरुजी’ की पाँचवीं पुण्यतिथि शोहरतगढ़ स्थित टीचर कॉलोनी के उनके आवास पर भावनात्मक माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम में जिलेभर से सैकड़ों लोग पहुंचे। सभी ने गुरुजी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। इस दौरान गुरुजी के बड़े पुत्र कृष्ण पाल सिंह ने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए।

स्वर्गीय गुरुजी का जन्म 1 जनवरी 1940 को हुआ था। वे लंबे समय तक शोहरतगढ़ शिवपति डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर रहे। अनुशासन, आदर्शों और सामाजिक चेतना की वजह से वे जिले में एक आदर्श शिक्षक के रूप में पहचाने जाते थे। समाजवादी पार्टी के संस्थापक जिला अध्यक्ष के रूप में उन्होंने गरीबों, वंचितों और उत्पीड़ितों की आवाज बुलंद की। उन्हें आज भी सिद्धार्थनगर का जननायक कहा जाता है। आपातकाल (1975) के दौरान लोकतंत्र पर हमले का विरोध करते हुए गुरुजी ने जेल की सजा भी सही। उन्हें प्रमाणित लोकतंत्र सेनानी का दर्जा प्राप्त है। सेवानिवृत्ति (2007) के बाद भी वे लगातार जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहे। स्थानीय लोग बताते हैं कि जब वे शोहरतगढ़ से बस्ती की ओर पैदल जाते थे, तो हजारों की भीड़ साथ हो लेती थी, यह उनकी लोकप्रियता का प्रमाण था। समाजवादी नेता व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव भी उन्हें बेहद सम्मान से ‘गुरुजी’ कहकर संबोधित करते थे।

मुख्य अतिथि डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि गुरुजी भले ही राजनैतिक रूप से विपक्ष में रहे हों, पर सिद्धांतों के साथ खड़े रहने वाले ऐसे व्यक्तित्व आज दुर्लभ हैं। उन्होंने सच का साथ दिया, जनता के हक की लड़ाई लड़ी और लोकतंत्र की रक्षा में बड़ी भूमिका निभाई।

गुरुजी के बड़े पुत्र कृष्णपाल सिंह ने कहा कि पिताजी ने हमेशा सिखाया कि सच का रास्ता कठिन जरूर है, लेकिन सही है। हम उनके आदर्शों पर चलेंगे। अन्याय के खिलाफ हमेशा पिताजी की तरह खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि पिता की विचारधारा और उनके सपनों को पूरा करना ही उनके परिवार का संकल्प है। कार्यक्रम में शामिल सभी ने गुरुजी की स्मृतियों को नमन किया और उनके आदर्श सेवा, संघर्ष और सादगी को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस दौरान शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा, नगर पंचायत बढ़नी बाजार चेयरमैन सुनील अग्रहरि, सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन, अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह, अखिल क्षत्रिय महासभा, जिलाध्यक्ष भूप नारायण सिंह, शिवपति पीजी कॉलेज, प्राचार्य डॉ. अरविंद सिंह, अखिल क्षत्रिय महासभा, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह, अखिल क्षत्रिय महासभा, बस्ती मंडल महामंत्री ‘हाड़ा’ विकास सिंह, भाजपा, पूर्व जिलाध्यक्ष लालजी त्रिपाठी, वरिष्ठ सपा नेता, मुरलीधर मिश्र, सुधीर सिंह, गुड्डू सिंह, वीरेंद्र तिवारी, शक्ति शंकर सिंह, अभय सिंह, अश्वनी सिंह ‘संजय’, सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now