नेपाल : Gen-Z आंदोलन के पहले दिन नेपाल के गृह मंत्री रमेश लेखक के इस्तीफे के बाद मंगलवार को कृषि मंत्री रामनाथ अधिकारी, स्वास्थ्य तथा जनसंख्या मंत्री प्रदीप पौडेल, जल आपूर्ति मंत्री प्रदीप यादव समेत ओली सरकार के पांच मंत्री अब तक इस्तीफा दे चुके हैं। दूसरी तरफ, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के 21 सांसदों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। इससे प्रदर्शनकारियों को राजनीतिक समर्थन मिल गया है।
बता दें कि सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ हुई झड़पों में 19 युवा प्रदर्शनकारियों के मारे जाने के बाद दूसरे दिन विरोध प्रदर्शन और उग्र होकर शुरू हुआ है। अधिकारियों ने एक दिन पहले रैलियों को दबाने के लिए बल प्रयोग किया था, जिससे व्यापक आक्रोश फैल गया है। भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ सड़कों पर शुरू हुए इस प्रदर्शन के कारण काठमांडू घाटी और कई जिलों में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए विभिन्न इलाकों में कर्फ्यू लगा रखा है।




