नेपाल : Gen-Z आंदोलन के दौरान उत्पन्न हुए तनावपूर्ण व हिंसक आंदोलन के दूसरे दिन मंगलवार को नेपाल के पूर्व गृहमंत्री रवि लामीछाने की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) के सभी सांसदों ने अपने पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। रास्वपा के प्रवक्ता मनीष झा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इससे संबंधित एक बैठक की जा रही है।
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि लामिछाने सहकारी धोखाधड़ी मामले में मुकदमे की प्रतीक्षा में हिरासत में हैं, ने सोमवार शाम अपने सांसदों से कहा था कि अगर उनकी माँगें पूरी नहीं हुईं तो वे इस्तीफ़ा देने के लिए तैयार रहें।
सोमवार को Gen-Z युवाओं के एक विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी में 19 लोग मारे गए थे। सोशल मीडिया बंद होने और सरकारी कुप्रबंधन के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस द्वारा दमन के बाद स्थिति बेकाबू हो गई है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने Gen-Z युवाओं के विरोध प्रदर्शन के साथ एकजुटता व्यक्त की थी।
मंगलवार को एक बार फिर से काठमांडू समेत पूरे देश में युवा सड़कों पर उतर आए। वे संसद भंग करने और प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के इस्तीफ़े की माँग कर रहे हैं। प्रतिनिधि सभा में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के 21 सांसद हैं, जिनमें से सांसद असीम शाह पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं।




