सिद्धार्थनगर : आगामी बारावफात एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन त्योहार को आपसी प्रेम-सौहार्द के साथ मनाया जाए। पर्वों पर किसी नई प्रथा की शुरुआत नहीं होगी। त्योहारों पर सुरक्षा के मद्देनजर निर्धारित स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती रहेगी। त्योहारों को लेकर प्रशासनिक अधिकारी बेहद गंभीर रहें। यह निर्देश शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक में डीएम डॉ. राजा गणपति आर और एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने अधिकारियों को संयुक्त रुप से दिए।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आये हिंदू एवं मुस्लिम समुदाय के लोगों से क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बैठक में मौजूद जिले के सभी उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाये जाने के लिए अपने स्तर से तैयारियां पूरी करा लें। किसी भी दशा में कोई समस्या नही होनी चाहिए। उन्होंने साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए। अराजकतत्वों के प्रति निषेधात्मक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। गणेश प्रतिमा विसर्जित किए जाने वाले रास्तों का निरीक्षण करने, बिजली के ढीले तारों को ठीक करने एवं मूर्ति विसर्जन में अस्त्र-शस्त्र का प्रयोग न करने के कड़े निर्देश दिए। प्रतिमा विसर्जन की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी करने तथा डीजे साउंड।को निर्धारित मानक के अनुसार बजाने पर निगरानी के भी निर्देश दिए। 
इस दौरान एडिशनल सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, एडिशनल एसपी प्रशांत कुमार आदि मौजूद रहे।




