‘हाड़ा’ विकास सिंह
बलरामपुर : बलरामपुर गन्ना समिति के उपाध्यक्ष एवं गन्ना डायरेक्टर तथा वरिष्ठ समाजसेवी तेज बहादुर सिंह उर्फ टीबी सिंह मंगलवार रात सिसई घाट स्थित राप्ती नदी के तेज बहाव में गिर गए। घटना के बाद से एनडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन, पुलिस और परिजनों द्वारा लगातार उनकी तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, सेवरहा निवासी तेज बहादुर सिंह पुत्र हरि भगत सिंह मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे सिसई घाट पर राप्ती नदी में आई बाढ़ देखने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह पुल के बीच में मोटरसाइकिल खड़ी कर नीचे नदी की स्थिति देखने लगे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नदी की तेज धारा में गिर गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा और नदी के तेज बहाव के कारण तत्काल उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद उनके रिश्तेदार एवं बलरामपुर गन्ना समिति के अध्यक्ष रन्नू सिंह तथा उनके पुत्र सतेंद्र बहादुर सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने स्थानीय लोगों के सहयोग से खोजबीन शुरू कराई।
परिजनों और एनडीआरएफ की टीम ने पूरी रात सिसई घाट से गौरा तक राप्ती नदी के किनारे संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह स्थानीय प्रशासन के सहयोग से दोबारा खोज अभियान शुरू किया गया। दिनभर नदी के किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर तलाश जारी रही, लेकिन टीबी सिंह का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
घटना के बाद परिजन बेहद परेशान हैं। गन्ना समिति के अध्यक्ष रन्नू सिंह ने सिद्धार्थनगर, बस्ती, गोरखपुर सहित आसपास के अन्य जनपदों में भी लोगों को सूचना भेजकर टीबी सिंह के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचित करने की अपील की है।
परिजनों द्वारा राप्ती नदी के किनारे, झाड़ियों और आसपास के संभावित स्थानों पर भी तलाश की जा रही है। रन्नू सिंह और पप्पू सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को टीबी सिंह के संबंध में कोई जानकारी मिलती है या वह कहीं दिखाई देते हैं, तो तत्काल दिए गए संपर्क नंबरों 9453283704, 9721084455, 7379593915 पर सूचना दें। परिवार की ओर से सूचना देने वाले व्यक्ति को उचित इनाम देने की बात कही गई है।
Author: Vikas News
Post Views: 508





