‘हाड़ा’ विकास सिंह
बढ़नी (सिद्धार्थनगर) : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी में आशा कार्यकर्ताओं और संगिनियों को प्रशिक्षण दिया गया। स्वास्थ्य विभाग एवं जननी मोबियस टीम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में योग्य दंपतियों तक परिवार नियोजन सेवाओं की जानकारी पहुंचाने और उनकी पहुंच आसान बनाने पर जोर दिया गया।

प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अविनाश चौधरी ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए परिवार नियोजन के महत्व पर प्रकाश डाला। जननी मोबियस टीम के परिवार नियोजन प्रशिक्षक मनोज कुमार ने आशा कार्यकर्ताओं को स्थायी एवं अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों की जानकारी देते हुए कहा कि दंपतियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सही विकल्प चुनने के लिए प्रेरित किया जाए।

आकार परियोजना के जिला संयोजक देवेंद्र सिंह ने बताया कि मोबियस फाउंडेशन द्वारा संचालित परियोजना के तहत जिलेभर में परिवार नियोजन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न ब्लॉकों में शिविर लगाकर योग्य दंपतियों को निःशुल्क परामर्श एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि अनचाहे गर्भधारण और असुरक्षित गर्भपात की रोकथाम के लिए परिवार नियोजन जरूरी है। बच्चों के बीच उचित अंतर रखने से मां और शिशु दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है। मोबाइल कॉट वाहन के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को छोटे परिवार के लाभ और परिवार नियोजन के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम में पुरुष सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से कंडोम वितरण और जागरूकता गतिविधियों पर भी बल दिया गया। इस दौरान बीसीपीएम, बीपीएम सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Vikas News
Post Views: 115





