‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अवैध आवागमन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महादेव बुजुर्ग कैंप के जवानों ने बुधवार रात दो नेपाली नागरिकों को 160 किलोग्राम सूखी मछली के साथ गिरफ्तार किया। बरामद मछली के परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज न मिलने पर दोनों व्यक्तियों को सामान और दो मोटरसाइकिलों सहित कस्टम कार्यालय बढ़नी को सौंप दिया गया।

एसएसबी के अनुसार, 17 सितंबर की रात महादेव बुजुर्ग कैंप के जवान भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आ रहे दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उन्हें रोककर जांच की गई।

तलाशी के दौरान दोनों मोटरसाइकिलों पर लदी चार बोरियां बरामद हुईं। बोरियों को खोलकर देखने पर उनमें सूखी मछली भरी मिली। मौके पर कराए गए वजन में बरामद मछली का कुल वजन लगभग 160 किलोग्राम पाया गया।
जवानों ने दोनों व्यक्तियों से मछली और उसके परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके। पूछताछ में उनकी पहचान नेपाल के कृष्णानगर निवासी रामकुमार रैदास और दीपक के रूप में हुई।
एसएसबी ने बरामद चार बोरी सूखी मछली, दोनों मोटरसाइकिलों तथा पकड़े गए दोनों नेपाली नागरिकों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय बढ़नी के सुपुर्द कर दिया। कस्टम विभाग मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी और गश्त की जा रही है। सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों की नियमित जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
Author: Vikas News
Post Views: 643





