‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी-ढेबरुआ मार्ग स्थित सरयू नहर पुल के पास शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ग्राम मधवानगर निवासी विजय शर्मा पुत्र राम निवास शर्मा शुक्रवार रात करीब 10 बजे बढ़नी बाजार से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बढ़नी सरयू नहर पुल के समीप पहुंचे, ढेबरुआ की ओर से तेज गति से आ रही एक पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय शर्मा बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

विजय शर्मा की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी और पांच मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। मृतक के बच्चों में प्रतीक्षा शर्मा (15 वर्ष), दीक्षा शर्मा (14 वर्ष), नेहा शर्मा (12 वर्ष), शुभम शर्मा (9 वर्ष) और वैष्णवी शर्मा शामिल हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही ढेबरुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

विजय शर्मा की मौत की खबर से मधवानगर समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज गति से दौड़ने वाले वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, जिस पर प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।
Author: Vikas News
Post Views: 405





