सिद्धार्थनगर : सोनवल गांव के तालाब में मिला लापता मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव राहुल कुमार का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : जिले के जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनवल गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के एक तालाब में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उतराता हुआ मिला। मृतक की पहचान मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) राहुल कुमार के रूप में हुई है, जो पिछले लगभग एक सप्ताह से लापता बताए जा रहे थे।

स्थानीय लोगों ने तालाब में शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एडिशनल पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, क्षेत्राधिकारी बांसी शुबेंदु सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान, जोगिया उदयपुर थाना प्रभारी अरुण कुमार तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका व्यक्त की है। उनका कहना है कि राहुल कुमार कई दिनों से लापता थे और अब उनका शव तालाब में मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार मूल रूप से बिहार के जहानाबाद जिले के निवासी थे और वह सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय पर रहकर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में कार्यरत थे। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
बढ़नी बॉर्डर पर आखिरी बार दिखाई दिए थे राहुल
परिजनों और पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार को आखिरी बार 5 सितंबर की रात करीब 8:11 बजे बढ़नी कस्बे के वार्ड नंबर-7 स्थित पुरानी पुलिस चौकी के पास देखा गया था। एक मेडिकल एजेंसी पर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक युवक किसी का इंतजार करते हुए दिखाई दिए हैं। इसी दौरान राहुल बाइक लेकर वहां पहुंचता है और इंतजार कर रहा युवक उस पर बैठता फिर दोनों चले जाते हैं। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला।

राहुल की बाइक पर बैठकर जाने वाला युवक 

स्थानीय लोगों के अनुसार राहुल नेपाल के चंद्रौटा स्थित एक कैसीनो में जाने के शौकीन थे और अक्सर सप्ताहांत में वहां जाया करते थे। ऐसे में यह भी चर्चा है कि घटना वाले दिन वह नेपाल से लौटकर आए थे। हालांकि पुलिस अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है। जांच का एक महत्वपूर्ण बिंदु यह भी है कि राहुल जिस बाइक को लेकर आया था, उस पर कौन बैठा था और दोनों कहाँ गए थे।

परिजनों ने 9 सितंबर को सदर थाना में राहुल कुमार की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। वहीं, 10 सितंबर की शाम कुछ ग्रामीणों ने सोनवल गांव के एक तालाब में एक बाइक दिखाई देने की सूचना पुलिस को दी थी। इसके अगले दिन उसी तालाब से राहुल का शव बरामद होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

एडिशनल एसपी प्रशांत कुमार 

पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
एडिशनल पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

पचपेड़वा में राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ की तैयारियां तेज, दिसंबर में होगा पांच दिवसीय आयोजन; बौद्धिक वर्ग, पत्रकार, शिक्षक, छात्र, किसान और कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ संस्कारवान पीढ़ी निर्माण पर रहेगा विशेष जोर

error: Content is protected !!

Follow Us Now