‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं यश भारती सम्मानित मणेन्द्र मिश्रा ने शिक्षामित्रों के समर्थन में प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा है कि परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षामित्रों को भी स्पेशल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (STET) में सम्मिलित होने का अवसर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि 2 सितंबर 2026 को जारी शासनादेश में स्पेशल पात्रता परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों, मान्यता प्राप्त एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों तथा संविदा एवं डेली वेजेज पर कार्यरत स्पेशल एजुकेटर्स को पात्र माना गया है, लेकिन पिछले 26 वर्षों से परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण कार्य कर रहे शिक्षामित्रों को इससे बाहर रखा गया है, जो बेहद निराशाजनक और अन्यायपूर्ण है।
मणेन्द्र मिश्रा ने कहा कि शिक्षामित्रों को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप दूरस्थ शिक्षा पद्धति के माध्यम से दो वर्षीय सेवारत बीटीसी प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा चुका है। ऐसे में विभाग द्वारा आयोजित की जा रही स्पेशल शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) में शिक्षामित्रों को भी प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाना न्यायोचित होगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षामित्र वर्षों से विद्यालयों में शिक्षण कार्य कर रहे हैं और उनके अनुभव एवं प्रतिभा का उपयोग गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और बेहतर बनाने में किया जा सकता है। यदि उन्हें भी पात्रता परीक्षा में अवसर दिया जाता है तो इससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण प्राप्त होगा।
श्री मिश्रा ने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि वर्तमान शासनादेश में संशोधन कर परिषदीय शिक्षकों, मान्यता प्राप्त एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों तथा संविदा/डेली वेजेज पर कार्यरत स्पेशल एजुकेटर्स की तरह शिक्षामित्रों को भी स्पेशल पात्रता परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान किया जाए।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी कई सार्वजनिक मंचों से शिक्षामित्रों की समस्याओं के स्थायी समाधान का आश्वासन दे चुके हैं। वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षामित्रों की मांगों और समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर उचित नीतियां बनाई जाएंगी। शिक्षामित्रों का हित समाजवादी पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
Author: Vikas News
Post Views: 262





