‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : गोंडा-गोरखपुर रेल खंड के बढ़नी रेलवे स्टेशन परिसर स्थित मंदिर में भगवान शिव की प्रतिमा खंडित किए जाने तथा माता पार्वती की प्रतिमा चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। नगर पंचायत बढ़नी के चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने पुलिस प्रशासन को पत्र देकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

चेयरमैन सुनील अग्रहरि द्वारा ढेबरुआ थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद एवं जीआरपी प्रभारी बढ़नी दिलीप कुमार यादव को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की रात अज्ञात व्यक्तियों ने रेलवे स्टेशन परिसर स्थित मंदिर में स्थापित भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा को तोड़कर खंडित कर दिया, जबकि माता पार्वती की प्रतिमा चोरी कर ली गई। इस घटना से श्रद्धालुओं और हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि यह कृत्य सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया प्रतीत होता है, जिसका उद्देश्य धार्मिक आस्था को आहत करना और नगर का माहौल खराब करना हो सकता है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठने लगी है।
सुनील अग्रहरि ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर घटना में शामिल सभी आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है, ताकि सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है। घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों की नजरें अब प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
Author: Vikas News
Post Views: 194





