शिक्षक दिवस पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर को मिला 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित भवन
‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : शिक्षक दिवस के अवसर पर बढ़नी स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर को एक महत्वपूर्ण सौगात मिली। विधायक निधि से 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन भवन का लोकार्पण शुक्रवार को शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षाविद एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक विनय वर्मा ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। विद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता से किए गए विकास संबंधी वादों को पूरा करने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं और आगे भी विकास कार्यों की गति बनाए रखी जाएगी।

उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय को यह नवीन भवन समर्पित करना उनके लिए गर्व का विषय है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और विद्यालय की गतिविधियों को विस्तार मिलेगा। विधायक ने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वह निरंतर कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं शिशु शिक्षा समिति गोरक्ष प्रांत के संभाग निरीक्षक अजय दूबे ने कहा कि वर्तमान समय में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों के संरक्षण की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। शिक्षा संस्थान केवल ज्ञान प्रदान करने का कार्य नहीं करते, बल्कि संस्कारवान पीढ़ी के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी लोगों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
जिला संघ चालक गोकुल गोयल ने कहा कि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर समाज की सहभागिता और समर्पण का परिणाम है। ऐसे संस्थान शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति, नैतिकता और संस्कारों के संवर्धन का भी कार्य करते हैं।

कार्यक्रम का संचालन रघुवर प्रसाद जायसवाल बालिका विद्यालय, नौगढ़ की प्रधानाचार्या उमा सिंह ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नवीन भवन के निर्माण से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संजय मित्तल, अजय जायसवाल, अनीता जायसवाल, बसंत लाल, त्रियुगी नाथ अग्रहरि, भानु प्रताप सिंह, उपेंद्र पांडेय, प्रधानाचार्य हरिकेश कुमार पाठक, नंद किशोर शर्मा, दिनेश मिश्रा, कन्हैया मित्तल, अनुपम शुक्ला, रत्नेश सोनी, विवेक गुप्ता, संतराम अग्रहरि, हरभजन सिंह, दुर्गेश कमलापुरी, मनोज सोनी, दुर्गेश पांडेय, विक्की अग्रहरि, आशीष अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
Author: Vikas News
Post Views: 166





