बढ़नी रेलवे स्टेशन परिसर में मिला अधेड़ का शव, गेट पास से हुई पहचान ; मौत रहस्य के घेरे में

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : गोंडा-गोरखपुर रेल खंड के बढ़नी रेलवे स्टेशन परिसर में बुधवार को एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्टेशन परिसर में शव पड़े होने की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान उसकी जेब से मिले गेट पास और पहचान पत्र के आधार पर राजेंद्र (50 वर्ष) पुत्र रमई, निवासी बेतहनिया करहिया, थाना पचपेड़वा, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार राजेंद्र गोवा में रहकर मजदूरी का कार्य करता था और हाल ही में घर लौट रहा था।
घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि राजेंद्र का शव स्टेशन परिसर में केवल शर्ट और अंतःवस्त्र में मिला, जबकि उसकी पैंट, मोबाइल फोन तथा अन्य सामान मौके से गायब थे। ऐसे में घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है और किसी अनहोनी की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं, जिनमें से केवल एक पुत्री का विवाह हुआ है। पिता की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक की पुत्री गुड़िया ने बताया कि 31 अगस्त को उनकी पिता से अंतिम बार वीडियो और ऑडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। उस दौरान उन्होंने कहा था कि वह अगले दिन तक घर पहुंच जाएंगे। इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। बुधवार को पुलिस द्वारा सूचना मिलने पर परिजन बढ़नी पहुंचे।
इस संबंध में ढेबरुआ थाने के उपनिरीक्षक सोमनाथ शर्मा ने बताया कि पहचान पत्र के आधार पर परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक का मोबाइल और कपड़े कहां गए, वह ट्रेन से उतरकर स्टेशन परिसर तक कैसे पहुंचा तथा उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, जैसे कई सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं। पुलिस मामले की गहन तफ्तीश में जुटी हुई है।
Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

पचपेड़वा में राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ की तैयारियां तेज, दिसंबर में होगा पांच दिवसीय आयोजन; बौद्धिक वर्ग, पत्रकार, शिक्षक, छात्र, किसान और कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ संस्कारवान पीढ़ी निर्माण पर रहेगा विशेष जोर

error: Content is protected !!

Follow Us Now