‘हाड़ा’ विकास सिंह
काठमांडू : नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुए भारी जानमाल के नुकसान पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से टेलीफोन पर बातचीत कर बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि नेपाल में बाढ़ से हुई मानवीय क्षति अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भारत के लोग अपने नेपाली भाइयों और बहनों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल को आवश्यक सभी प्रकार की मानवीय सहायता उपलब्ध कराने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए भारत पूरी तरह तैयार है तथा दोनों देशों की संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी बताया कि भारत की राहत एवं बचाव टीमें नेपाल के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र सहायता पहुंचाई जा सके और राहत कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
भारत द्वारा व्यक्त की गई इस एकजुटता और सहयोग की भावना को नेपाल में सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है। दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, सामाजिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों के अनुरूप संकट की इस घड़ी में भारत ने नेपाल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने का भरोसा दिया है।
नेपाल में जारी राहत एवं पुनर्वास कार्यों के बीच भारत की इस पहल को द्विपक्षीय सहयोग और मानवीय साझेदारी का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।
Author: Vikas News
Post Views: 188





