‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : राष्ट्रीय राजमार्ग-730 के बढ़नी-शोहरतगढ़ सड़क खंड स्थित गोल्हौरा टोल प्लाजा पर ओवरलोडिंग के नाम पर निर्धारित टोल शुल्क से अतिरिक्त 100 रुपये वसूले जाने का आरोप सामने आया है। मामले में शोहरतगढ़ के सुभाष नगर निवासी एवं नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता रवि अग्रवाल के अनुसार, 20 अगस्त को उनकी माल लदी गाड़ी संख्या UP 55 AT 8393 गोल्हौरा टोल प्लाजा से गुजरी। उनका कहना है कि फास्टैग के माध्यम से निर्धारित टोल शुल्क कटने के बाद टोल प्लाजा के मैनेजर निशांत कुमार नायक द्वारा वाहन को ओवरलोड बताते हुए 100 रुपये अतिरिक्त देने की बात कही गई। आरोप है कि उक्त राशि गूगल-पे के माध्यम से ली गई।
रवि अग्रवाल का आरोप है कि टोल प्लाजा पर लगा धर्मकांटा/वजन मशीन खराब थी। ऐसे में वाहन का वास्तविक वजन निर्धारित किए बिना उसे ओवरलोड बताए जाने और अतिरिक्त राशि लिए जाने पर उन्होंने सवाल उठाया है। उन्होंने मांग की है कि जांच में यह स्पष्ट किया जाए कि वाहन का वजन किस आधार पर निर्धारित किया गया तथा ओवरलोडिंग की स्थिति में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया का पालन किया गया था या नहीं।
सीसीटीवी और भुगतान की जांच की मांग
जिलाधिकारी को दिए गए शिकायत पत्र में टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज, फास्टैग लेन-देन, धर्मकांटा/वजन मशीन की स्थिति तथा गूगल-पे के माध्यम से किए गए 100 रुपये के भुगतान की जांच कराने की मांग की गई है। शिकायत के साथ सुखराम मौर्या द्वारा 100 रुपये भेजे जाने से संबंधित भुगतान स्क्रीनशॉट की छायाप्रति भी संलग्न किए जाने की बात कही गई है।
शिकायतकर्ता ने कहा है कि यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए और अतिरिक्त वसूली गई धनराशि वापस कराई जाए। साथ ही उन्होंने टोल प्लाजा पर ओवरलोडिंग के नाम पर निर्धारित प्रक्रिया से हटकर किसी भी प्रकार की अतिरिक्त वसूली पर रोक लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।
फिलहाल मामले में जिलाधिकारी स्तर से होने वाली जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अतिरिक्त 100 रुपये की वसूली किस आधार पर की गई थी और इस दौरान निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया का पालन हुआ था या नहीं।
Author: Vikas News
Post Views: 300





