‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : ढेबरुआ थाना क्षेत्र के सकरौरा डिहवा गांव में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के दौरान परिवार के सदस्य घर में सोते रहे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह सामान बिखरा मिलने पर घटना की जानकारी हुई तो परिवार में हड़कंप मच गया।

गांव निवासी चिन्नू पुत्र दौलत ने ढेबरुआ थाने में दिए शिकायती पत्र में बताया कि 18 अगस्त की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस आए और कमरे में रखे सामान को खंगालते हुए चांदी की पायल, सोने का झाला, सोने का हार, सोने का मांग टीका तथा करीब पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।

पीड़ित के मुताबिक चोरों ने जेवरात और नकदी के अलावा घर में रखे कपड़े, जूते समेत अन्य घरेलू सामान भी चोरी कर लिया। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर में सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी हुई।

घटना के बाद पीड़ित ने थाना ढेबरुआ पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच कर चोरी का खुलासा करने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार पासवान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद प्रकरण में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: Vikas News
Post Views: 262





