‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : देश को सुखी, समृद्ध और सुरक्षित बनाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवा शक्ति के सकारात्मक प्रयासों से ही भारत को विश्वगुरु बनाने का लक्ष्य साकार किया जा सकता है। यह बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक राजीव नयन ने बुधवार को लोटन खंड के युवाओं को संबोधित करते हुए कहीं।

उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ संवाद का यह अवसर विशेष महत्व रखता है। भारत की बड़ी युवा आबादी देश के लिए एक महत्वपूर्ण जनसांख्यिकीय लाभांश है। यदि युवा शक्ति का सही दिशा में उपयोग किया जाए तो देश विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ सकता है और विश्व पटल पर अपनी मजबूत भूमिका स्थापित कर सकता है।
राजीव नयन ने कहा कि वर्तमान युवा पीढ़ी को अपने भविष्य के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी के भविष्य को भी ध्यान में रखकर कार्य करना चाहिए। आज की युवा पीढ़ी ही आने वाले समय में समाज का नेतृत्व करेगी। ऐसे में युवाओं में मौजूद ऊर्जा और क्षमता का उपयोग राष्ट्रहित एवं समाजहित के कार्यों में किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा केवल किसी एक वर्ग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझते हुए सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सुरेश, शिवा, मिथिलेश, रामसेवक, अजय, आनंद, राहुल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Author: Vikas News
Post Views: 172





