‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत और निर्बाध बनाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। क्षेत्रीय विधायक विनय वर्मा की मांग पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने ढेबरूआ में 132 केवी तथा तुलसियापुर में 33 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जाने की तत्काल स्वीकृति प्रदान की है। मंत्री ने दोनों परियोजनाओं पर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने का भरोसा भी दिलाया है।

विधायक विनय वर्मा ने बताया कि इसी मांग को लेकर उन्होंने ऊर्जा मंत्री से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा और शोहरतगढ़ क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र को बेलहवा से विद्युत आपूर्ति की जाती है, जो क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। बेलहवा की दूरी करीब 40 किलोमीटर होने के कारण तकनीकी खराबी अथवा फॉल्ट होने की स्थिति में उसका व्यापक असर नेपाल सीमा से सटे पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पर पड़ता है।
विधायक ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और बढ़ती विद्युत आवश्यकता को देखते हुए नए विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना को जरूरी बताया। उनकी मांग पर ऊर्जा मंत्री ने ढेबरूआ में 132 केवी और तुलसियापुर में 33 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना को तत्काल मंजूरी दी।
उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
नए विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण से शोहरतगढ़ क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। इसके साथ ही तकनीकी खराबी और फॉल्ट की स्थिति में आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति में राहत मिलने की संभावना है।
विधायक विनय वर्मा ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शोहरतगढ़ के विकास और क्षेत्रवासियों की सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
इस दौरान भाजपा गोरखपुर व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप कमलापुरी भी मौजूद रहे।
Author: Vikas News
Post Views: 334





