उसका बाजार में नए पुल की मांग तेज, मुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन

SHARE:

‘हाड़ा’ विकास सिंह
सिद्धार्थनगर : जिले के उसका बाजार कस्बे के समीप से बहने वाली कूड़ा नदी पर नए पुल के निर्माण की मांग जोर पकड़ने लगी है। आवागमन की बढ़ती जरूरत और व्यापारिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला ने रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

आशीष शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए सर्वे कराकर नया पुल बनवाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि पुल बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

व्यापार पर पड़ा है बाईपास का असर
उसका बाजार के दोनों ओर बाईपास सड़क बनने के बाद यहां की व्यावसायिक गतिविधियां काफी प्रभावित हुई हैं। व्यापार में गिरावट के चलते सैकड़ों व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है, जिससे कई लोग पलायन करने को मजबूर हैं।

ऐतिहासिक महत्व रखता है बाजार
उसका बाजार का ऐतिहासिक महत्व भी रहा है। ब्रिटिश काल में यह एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र था, जहां से अनाज, चमड़ा और कपड़ों का बड़े पैमाने पर व्यापार होता था। वर्तमान समय में भी यहां से अनाज का व्यापार बड़े स्तर पर होता है, साथ ही मच्छरदानी और कपड़ों की खरीदारी के लिए दूर-दराज से व्यापारी आते हैं।

पुराना पुल हो चुका है जर्जर
कूड़ा नदी पर वर्ष 1885 में बने पुराने रेलवे पुल से पहले ट्रेन, बस और अन्य वाहनों का आवागमन होता था, लेकिन अब यह पूरी तरह बंद हो चुका है। वर्तमान में इस पुल से केवल दुपहिया वाहन और पैदल यात्री ही गुजरते हैं। करीब एक दशक पहले बड़ी रेलवे लाइन परिवर्तन के दौरान पास में नया पुल बनाया गया, जिस पर केवल ट्रेन का संचालन होता है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि नया पुल बनने से इस ऐतिहासिक बाजार का अस्तित्व बचा रहेगा और व्यापार फिर से पटरी पर लौट सकेगा।

नगर पंचायत सीमा विस्तार की भी उठी मांग
भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला ने मुख्यमंत्री से नगर पंचायत उसका बाजार के सीमा विस्तार की भी मांग की है। उन्होंने प्रस्ताव दिया कि गंगाधरपुर, भिटिया, मेहदिया, पठानपुर, नवलपुर, केवटलिया, सुगही, लक्षनपुर और कोल्हुआ ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत में शामिल कर उन्हें नगरीय सुविधाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र का समग्र विकास संभव होगा और ग्रामीण क्षेत्रों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

Vikas News
Author: Vikas News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now