सिद्धार्थनगर : शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के लोहटी ग्राम पंचायत के बनचौरा निवासी 22 वर्षीय सुरेंद्र की बाइक बालिका को बचाते समय पलट गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है। पुलिस को सूचना दिए बगैर परिवार वालों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के लोहटी ग्राम पंचायत के बनचौरा निवासी सुरेंद्र पासवान (21) पुत्र राजेंद्र बुधवार की शाम चार बजे किसी कार्य से कोटिया बाजार बाइक से जा रहा था। जैसे ही वह एसएसबी कैंप लोहटी के सामने पहुंचा, वहां एक बच्ची बकरी चरा रही थी। तभी अचानक सड़क पार करने लगी। उसे बचाने के चक्कर में सुरेंद्र की बाइक सड़क पर गिर गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां गुरुवार देर रात उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचित नहीं किया और घर लाकर बृहस्पतिवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों के मुताबिक सुरेंद्र दो भाइयों में सबसे बड़ा था और लोहटी में ही सिलाई का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक के 14 माह का एक पुत्र भी है। युवक इंस्ट्राग्राम पर कामेडी चैनल भी चलाता था।
इस संबंध में शोहरतगढ़ एसएचओ संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है।




