सिद्धार्थनगर : ढेबरुआ थाना क्षेत्र में लगातार हो चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में दहशत का माहौल हैं।लोग असुरक्षा के चलते लाठी-डंडे लेकर रात में पहरेदारी करने को मजबूर हैं। बीते सोमवार की रात क्षेत्र के ग्राम दुधवनिया बुजुर्ग में पहरा दे रहे ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को चोर समझकर पकड़ा और जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।
बीते 24 अगस्त की रात ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ग्राम सेवरा में चोरों ने भाजपा नेता सिद्धार्थ शंकर पाठक, जितेंद्र पाठक व दुर्गा प्रसाद पाठक के घरों से लगभग 40 लाख रुपए के गहनों सहित नगदी पर अपना हाथ साफ कर लिया। पुलिस अभी चोरों की धरपकड़ में जुटी हुई थी कि 30 अगस्त की रात चोरों ने सेवरा गांव में दोबारा धावा बोल दिया। गांव के जगदीश प्रसाद के घर में घुसकर साढ़े नौ हजार रुपए नगद व हजारों रुपए के जेवरों चुरा लिए। इसके बाद चोरों ने बगल के गांव दुधवनिया बुजुर्ग में अतहर आलम के घर का लोहे का चैनल तोड़कर करीब 4 लाख रुपए के गहनों व सवा लाख रुपए नगदी चुरा लिया। एक सप्ताह के इतने घरों में चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते 10 दिनों से क्षेत्र में भय का माहौल है। लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वे रात भर पहरा देने को मजबूर हैं।
पहरेदारी कर ग्रामीणों ने संदिग्ध युवक को चोर पकड़ा
बीते सोमवार की रात दुधवनिया बुजुर्ग गांव में लाठी-डंडे लेकर रात में पहरेदारी कर रहे ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक संदिग्ध युवक को चोर समझकर पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। लोगों ने बताया कि उसके पास से चाकू बरामद हुआ है।ग्रामीणों ने उसका फोटो और वीडियो बना लिया। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस आशंका व्यक्त कर रही है कि पकड़ा गया युवक आसपास के किसी गांव का रहने वाला है, उससे पूछताछ में जुटी हुई है।
पुलिस की कई टीमें मामले की जांच कर रही हैं। सर्विलांस और अन्य टीमों की मदद भी ली जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध व्यक्तियों के साथ मारपीट न करने की अपील की है। इसके बजाय पुलिस को सूचना देने को कहा है।
गौरव सिंह
थाना प्रभारी, ढेबरुआ




